Akhilesh Yadav का नया दांव, 5% vs 95% की, लड़ाई, आरक्षण पर सियासत गर्माई

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ में PDA आरक्षण ऑडिट रिपोर्ट जारी किया. इस दौरान उन्होंने योगी सरकार पर जबरदस्त हमला बोला. अखिलेश यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) आरक्षण में खुली लूट हुई है और यह एक बड़ा घोटाला है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी आरक्षण खत्म करने का षड्यंत्र रच रही है. बीजेपी बराबरी का मौका नहीं देना चाहती. यह सरकार आरक्षण विरोधी है. उन्होंने कहा कि अब यह लड़ाई 5 प्रतिशत बना 95 प्रतिशत की है. प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि PDA आरक्षण की लूट का पूरा डेटा मीडिया और जनता के सामने रखा जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि समय के साथ यह डेटा और बढ़ता जाएगा. पार्टी ने साफ कहा कि आरक्षण की इस लूट में सरकार पक्षपाती भूमिका निभा रही है. अखिलेश ने कहा, “जो सरकार पक्षपाती होती है, वह विश्वासघाती होती है.” उन्होंने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर उन्हें बुलडोजर चलाना है तो गैर-बराबरी और आरक्षण की लूट के खिलाफ चलाना चाहिए.